Friday, November 13, 2026

बालमन


ये आसमान में टिमटिमाते तारे,

मेरे पास होते तो कितना अच्छा होता,

रात को घर की दहलीज़ पर रखती,

घर-आँगन में उजियारा होता।


पकड़कर नीचे लाऊँगी चंदा मामा को,

पूछूँगी उनसे कई सवाल,

उनके घटते-बढ़ते आकार का,

आखिर क्या है राज़?


ये सूरज जो दिन में चमकता है,

रात को सोने कहाँ चला जाता है?

जाना चाहती हूँ उस पहाड़ के पार,

किस गद्दे पर सोते हैं ये महाराज?


मैं भी चिड़िया बनूँगी एक दिन,

घूमूँगी सारा संसार,

देखूँगी ऊपर आसमान से,

कहाँ-कहाँ लगते हैं खिलौनों के बाज़ार।


एक तितली को पकड़कर लाऊँगी,

पूछूँगी, कहाँ से लाती हो ये रंग भरे पंख?

मुझे भी सिखा दो,

बिखर क्यों जाते हैं हर बार

कॉपी में मुझसे रंग?


बादल से भी पूछूँगी एक दिन,

क्यों करते हो इतनी शरारत?

कभी बरसते हो, कभी गरजते हो,

क्या तुम भी करते हो आपस में बात?


इंद्रधनुष के सातों रंगों को,

अपनी गुल्लक में भर लूँगी,

जब भी मन उदास होगा,

एक-एक रंग निकालकर पहन लूँगी।


माँ कहती है, बड़े होकर,

तुम्हें बहुत समझदार बनना है,

पर माँ, मुझे तो बस इतना बतला दो,

क्या बड़े होकर भी सपने देखना है?



No comments:

Post a Comment