Showing posts with label Delhi Metro. Show all posts
Showing posts with label Delhi Metro. Show all posts

Sunday, May 5, 2024

आठ बीस की मेट्रो

 

एस्कलेटर में भी भाग रहा था ,

घडी पर आठ अठारह दिख रहा था ,

अगर छूट गयी तो अगली पांच मिनट बाद आयेगी ,

अटेंडेंस में आज लेट मार्क लग जायेगी।

 

हाँफता हाँफता प्लेटफॉर्म पर पहुँचा ,

लम्बी लाइन लगी पड़ी थी ,

जेब से रुमाल निकाल पसीना पोछा ,

मोबाइल जेब में रख , घुसने की जल्दी पड़ी थी।

 

ट्रैन आयी , रुकी , बाहर निकलने देने की किसको फुर्सत थी ,

बाहर वालों को अंदर घुसने की जल्दी पड़ी थी ,

ठसाठस डिब्बा भर गया , ऑटोमैटिक दरवाजों की आफत आयी थी ,

किसी का बैग फँस गया था दो पाटो के बीच , कड़ाक की आवाज आयी थी।

 

अंदर साँस लेने की जगह नहीं थी ,

एक पैर में खड़े होने की मजबूरी थी ,

अच्छा बस ये था , अंदर ए सी की ठंडी हवा चल रही थी ,

ध्यान दिया बैग पर , उसी के बैग से शायद वो आवाज आयी थी।

 

फुर्सत कहाँ थी - बैग खोल कर देखने की ,

वैसे भी इतनी जगह कहाँ थी ,

अंतिम स्टेशन उसी का था ,

वहाँ से शटल पकड़नी थी।

 

गंतव्य से पहुंचने से दो स्टेशन पहले सीट मिली ,

सबसे पहले नजर अब बैग पर पड़ी ,

डरते हुए बैग को खोलने की हिम्मत जुटाई ,

लैपटॉप की स्क्रीन टूटी हुई पायी।

 

ओफ्फ , अब ऑफिस में बहाना क्या बनाऊँगा ,

वो आई टी हेड वैसे ही खड़ूस है ,

माउस ख़राब होने पर दो पेज का एक्सप्लनेशन लिखवाता है ,

फिर आधे पैसे एच आर वाला सैलरी से काट लेता है।

 

मेट्रो रुकी , आवाज आयी - यह अंतिम स्टेशन है ,

घडी देखी - आज मेट्रो भी पांच मिनट लेट है ,

अब तो शटल भी चली जायेगी ,

पक्का आज हाफ डे छुट्टी लग जायेगी।

 

बॉस को मैसेज भेजा - थोड़ी देर हो जायेगी ,

बॉस ने उत्तर दिया- आज दस बजे प्रेजेंटेशन है तेरी भाई ,

प्रेजेंटेशन फ़ोन से बॉस को भेजा ,

मैसेज किया , आप ही दे देना , मेरे घर में कुछ इमरजेंसी आयी।

 

फ़ोन में कंप्यूटर रिपेयर की दूकान खोजी ,

वापस उसी ट्रैन में बैठकर अब कुछ सांस आयी ,

घर से निकलते ही एक काली बिल्ली रास्ता काट गयी थी ,

ध्यान आया - ये सारा खेल उसी का है भाई।