Monday, April 6, 2026

सनक

  

इंसानों के अंदर एक सनक है,

हरेक की सनक अलग है,

और जहाँ सनकें मिल जाती हैं,

वहीं से एक नया अध्याय खुल जाता है।

 

सनकों का एक अलग संसार है,

हरेक की सनक का एक स्तर है,

कुछ करना है गर इस जहाँ में,

तो हर दिल में एक सनक ज़रूरी है।

 

ये सनक ही राह दिखाती है,

अंधेरों में दीप जलाती है,

जब हिम्मत भी साथ छोड़ दे,

तब ये ही कदम बढ़ाती है।

 

कुछ की सनक उन्हें ऊँचा उठाती है,

कुछ की उन्हें सिखा जाती है,

हार और जीत के इस खेल में,

यही असली पहचान बनाती है।

 

मत दबाओ इस आग को अंदर,

इसे खुलकर जलने दो,

क्या पता इसी एक सनक से

तुम अपना मुकाम गढ़ दो।

 

पर याद इतना भी रहे,

ये राह कभी न भटक जाए,

एक की सनक दूसरे से टकराकर,

कहीं सब कुछ न बिखर जाए।

 

क्योंकि सनकों ने जब भी हद पार की,

समाज को तोड़ा-मरोड़ा ही है,

सनक अगर हद में रहे तो पहचान बनाती है,

और हद पार करे तो इंसान मिटाती है।

Saturday, April 4, 2026

गड़बड़झाला

 

बहुत गड़बड़झाला चल रहा है दुनिया में,

ताकतवर कमजोर पर रौब झाड़ रहा है,

अमीर गरीब को धरती का बोझ बता रहा है,

नियमों का तमाशा हर कोई बना रहा है।

 

रिश्ते-नातों से सब कन्नी काट रहे हैं,

"प्राइवेसी" के नाम पर परिवार से कट रहे हैं,

रुपये-पैसे की अंधी दौड़ लगी है,

इंसान खुद को  बेचकर भी मुस्कुरा रहा है।

 

सच अब अखबारों में भी आधा छपता है,

झूठ हर स्क्रीन पे पूरा चमकता है,

ईमानदारी अब मूर्खता कहलाती है,

चालाकी का सिक्का हर जगह चलता है।

 

दोस्ती भी अब फायदे से तौली जाती है,

मोहब्बत शर्तों में खोली जाती है,

हर कोई खुद को भगवान समझ बैठा है,

और इंसानियत चुपचाप रोती जाती है।

 

भीड़ में हर चेहरा अकेला सा लगता है,

हर रिश्ता अब सौदे जैसा लगता है,

जो जितना ज्यादा दिखावा करता है,

वो उतना ही अंदर से खोखला लगता है।

 

पर सच ये भी है, सब कुछ खत्म नहीं,

हर दिल अब भी पत्थर नहीं,

अगर आईना खुद को दिखा सको,

तो ये गड़बड़झाला भी अटल नहीं।