Sunday, March 29, 2020

पत्थर



वो ठुकराया सा बड़ा पत्थर ,
यूँ ही न जाने नदी किनारे सालो से पड़ा था ,
तोड़ने की कोशिश बहुत की ,
मगर वो बड़ा कठोर था ,
टूटता ही नहीं था ,
जैसे कोई जिद्द हो ,
हठ हो ,
किसी ने उसे हटाकर वहाँ खेत बनाना चाहा ,
कोई उसे तोड़कर अपना घर बनाना चाहता था ,
मगर न वो टूटा ,
न हिला ,
बस पड़ा रहा ,
फिर बर्षो बाद भयंकर बारिश आयी ,
नदी में उफान आया ,
भयंकर उफान ,
नदी भी उसके अगल बगल से गुजरी ,
फिर उसके ऊपर भी चढ़ी ,
उसके इनारे किनारे जड़े खोदी ,
लेकिन कुछ न हुआ ,
नदी का घमंड टूट गया ,
जब पानी उतरा ,
वो पत्थर ज्यू का त्यूं खड़ा था ,
अगर वह हिल जाता तो शायद ,
उस तरफ का  कच्चा तटबंध पूरा ,
टूट जाता ,
मगर उस पत्थर ने जिद से ,
नदी को धार मोड़ने को मजबूर कर दिया ,
नदी अब भी देखती है उसे दूर से ,
और वह ,
अब भी शान से खड़ा है वही ,
 हाँ , और थोड़ा बड़ा भी हो गया।  

Friday, March 6, 2020

शग़ल


कही से कोई जादुई छड़ी मिल जाए ,
फिराने मात्र से समस्या हल हो जाए ,
जानता हूँ कपोल कल्पना है ये मेरी ,
फिर हालात-ए-गुलिस्ताँ कैसे सुधारी जाए।

अड़ गए है कुछ अपनी जिद्द पर ,
कुछ के अपने अपने स्वार्थ है ,
मिल जाए ऐसा कोई जिन्न ,
जो सबको एक छतरी के नीचे ले आये।

या मंत्र कोई ऐसा हाथ आये ,
फूंकने  से सब गिले -शिकवे दूर हो जाए  ,
सुरते ए हाल ये है "आनंद" देश का ,
मौका मिलते ही एक दूसरे को खाने दौड़ जाए। 

चंद लोगो की शरारत है ये ,
बाकी सब अमन ऐ चैन है ,
सुलगाते है वो ही तिल्लियाँ ,
राख के ढेर पर बैठना उनका शग़ल है। 


Wednesday, March 4, 2020

तुम पहाड़ी नदी हो !



हाँ , तुम पहाड़ी नदी हो ,
उच्श्रंखल , उन्मुक्त
मनमौजी , अपनी रौ की हो ,
बलखाती इठलाती , कितनी बेपरवाह हो ,
हां , तुम पहाड़ी नदी हो। 

जिसने जुर्रत की तुम्हे रोकने की ,
कहाँ ठहरती हो ,
अनदेखा , अनसुना कर ,
मौज में बहती हो ,
हाँ , तुम पहाड़ी नदी हो। 

जो साथ चला ,
उसको गजब रंग रूप दे देती हो ,
जो राजी नहीं साथ चलने को ,
किनारे लगा , बेबाक बहती हो ,
हाँ , तुम पहाड़ी नदी हो। 

कल कल तुम्हारा ये संगीत ,
वीराने में भी गूँजती हो ,
लाज नहीं आती तुमको ,
पत्थरो से भी अठखेलियाँ करती हो ,
हाँ , तुम पहाड़ी नदी हो। 

कैसे समझे दुनिया स्वछंदता तुम्हारी ,
प्रकृति तुम्हारी कैसे हजम करे ,
दम्भ है बहुत,
कैसे ये स्वीकार करे ,
लेकिन तुम याद रखना ,
पहाड़ी नदी हो,
बहती रहना । 

Saturday, February 22, 2020

स्त्री प्रेम नहीं करती !


स्त्री प्रेम नहीं करती ,
सच है , स्त्री प्रेम नहीं करती ,
प्रेम उसको समझ नहीं आता ,
क्यूंकि प्रेम में जटिलता बहुत है ,
जो उसको सुहाता नहीं ,
फिर ,
स्त्री जब प्रेम में पड़ती है तो ,
वह "समर्पण " करती है ,
वह खुद को समर्पित करती है ,
अपने प्रेमी को ,
मगर समर्पण करने से पहले ,
वह परखती है ,
जांचती है ,
परीक्षा लेती है ,
और जब उसे लगता है ,
उसका मन गवाही देता है ,
तब वह प्रेम नहीं ,
"समर्पण " कर देती है ,
सब कुछ ,
एकाकार होने के लिए ,
अपने प्रेमी में बसने के लिए ,
इसीलिए वह ,
"समर्पण " करने से पहले ,
 वक्त लेती है,
"हाँ " कहने से पहले ,
वक्त लेती है ,
प्रेम उसके लिए ,
सिर्फ प्रेम नहीं होता ,
उसका संसार होता है ,
जहाँ उसकी मुस्कान ,
उसके दर्द , उसके आँसू
सब होते है। 

Sunday, February 9, 2020

ठूँठ



ठूँठ को देखकर ,
दया भी आयी और गर्व भी हुआ ,
सब कुछ दे दिया था उसने ,
फल , शाखाएं , छाया ,
मगर शायद और भी कुछ चाहिये था उससे ,
तना भी काट ले गया कोई ,
अब भी वो खड़ा है ,
कोई आएगा ,
तो ले जाये ,
इस अवशेष को भी ,
ताकि फिर शायद ,
उसके रिक्त स्थान पर ,
फिर उगे कोई नन्हा पौधा ,
पेड़ बन सके ,
या फिर ,
कोई सड़क बन सके ,
वो कोई बाधा न रहे ,
अब वो अतीत को याद ,
नहीं करना चाहता ,
क्यूंकि शायद अब नियति ,
उसकी यही थी,
बस उसका ये संतोष ,
उसकी पूँजी है ,
वो हर तरह से काम आया ,
नन्हे पौधे से लेकर ,
अंत तक ,
जितना हो सकता था - दिया ही ,
लिया शायद कुछ नहीं ,
सिवाय एक स्थान के ,
जहाँ वो खड़ा रहा सीना ताने ,
वर्षो वर्षो तक।